हरिद्वार। जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक शिक्षा) अमित कुमार चंद ने शिक्षकों एवं विद्यालयों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए एक नई पहल शुरू की है। इसके तहत अब प्रत्येक सप्ताह अलग-अलग दिनों में विषयवार ऑनलाइन बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनमें संबंधित अधिकारियों, शिक्षकों और कार्मिकों से सीधे संवाद कर समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा।
जारी साप्ताहिक कार्यक्रम के अनुसार सोमवार को कार्यालय के कार्मिकों के साथ सायं 4 से 5 बजे तक बैठक होगी। मंगलवार को बीईओ/एबीआरसी/सीआरसी के साथ सायं 4 से 5 बजे तक संवाद किया जाएगा। बुधवार को मॉडल स्कूल एवं पीएम श्री विद्यालयों के साथ अपराह्न 1 से 2 बजे तक बैठक प्रस्तावित है।
इसी क्रम में गुरुवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों के साथ सायं 5 से 6 बजे तक बैठक होगी। शुक्रवार को दो चरणों में बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें दोपहर 12 से 1 बजे तक पीएम पोषण प्रभारियों तथा 1 से 2 बजे तक विशेष शिक्षकों (CWSN) के साथ संवाद किया जाएगा। शनिवार को दोपहर 1 से 2 बजे तक समस्त विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के साथ ऑनलाइन बैठक रखी गई है।
जिला शिक्षा अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाना, जमीनी स्तर पर आ रही समस्याओं को समझना तथा उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग वर्गों के साथ अलग-अलग दिन बैठक करने से संवाद अधिक प्रभावी होगा और सभी पक्ष अपनी समस्याएं एवं सुझाव खुलकर रख सकेंगे।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षकों से निर्धारित समय पर अनिवार्य रूप से ऑनलाइन बैठक में प्रतिभाग करने का आह्वान किया है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि आवश्यकता पड़ने पर कार्यक्रम में परिवर्तन किया जा सकता है। इस नई व्यवस्था से शिक्षा विभाग में समन्वय बढ़ने के साथ-साथ विद्यालयों की कार्यप्रणाली में सुधार आने की उम्मीद जताई जा रही है।