हरिद्वार से बड़ी खबर : हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा में पकड़े गए मुन्ना भाई-बहन, दूसरों की जगह दे रहे थे परीक्षा, 8 हिरासत में

हरिद्वार। उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा में आठ मुन्ना भाई एवं मुन्नी बहन दबोचे गए हैं। ये राजकीय इंटर कालेज सलेमपुर महदूद में प्रवेश पत्र पर लगी फोटो बदलकर हिंदी विषय की परीक्षा में बैठे थे। इनमें चार लड़कियां भी शामिल हैं। सभी की कापी को जब्त कर सील कर दिया गया है।

मंगलवार को परीक्षा सुबह 10:00 बजे शुरू हुई थी। शक होने पर केंद्र निरीक्षक ने कुछ परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र की जांच की तो मामला पकड़ में आया। पता चला कि सावित्री शिक्षा सदन इंटर कालेज से व्यक्तिगत फार्म भरने वाले आठ परीक्षार्थियों के स्थान पर परीक्षा दी जा रही थी। इसके बाद कक्ष निरीक्षक की रिपोर्ट पर तुरंत सभी की उत्तर पुस्तिका जब्त कर ली गई और इसे सील कर गोपनीय विभाग भेज दिया गया।

मुख्य शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार हल्दियानी ने बताया कि विभाग की ओर से सभी आठ के विरुद्ध कार्यवाही की जा रही है। प्रवेश पत्र में फोटो बदलकर परीक्षा देने वालों के विरुद्ध पुलिस कार्रवाई करेंगी।

कोई बड़ा गिरोह तो शामिल नहीं ?

एक साथ आठ परीक्षार्थियों का फर्जीवाड़ा सामने आने पर नकल कराने वाले संगठित गिरोह की सक्रियता पर भी सवाल उठ रहे हैं। जांच में सामने आया कि प्रत्येक डमी अभ्यर्थी को 20-20 हजार रुपये देने की डील हुई थी। प्रवेश पत्रों पर अलग से फोटो चस्पा कर मोहर लगाई गई थी, ताकि पहली नजर में कोई गड़बड़ी न दिखे। यह भी पता चला कि असली परीक्षार्थी प्राइवेट स्कूल से आवेदन करने वाले छात्र-छात्राएं हैं, जिन्होंने अपनी जगह इन डमी अभ्यर्थियों को बैठाया था।

पकड़े गए डमी छात्र-छात्राएं लक्सर, भगवानपुर, ज्वालापुर, रुड़की और रावली महदूद क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। एक नाबालिग छात्रा के शामिल होने से मामला और गंभीर हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही केंद्र व्यवस्थापक ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। पुलिस मौके पर पहुंची और सभी 8 डमी अभ्यर्थियों को हिरासत में ले लिया गया। संबंधित असली परीक्षार्थियों की भी पहचान की जा रही है।

केंद्र व्यवस्थापक सुरेश चंद्र द्विवेदी ने रानीपुर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि कक्ष संख्या दो में अंकित कुमार की जगह प्रवेश पत्र पर फोटो चस्पा युवक परीक्षा दे रहा था, जो केंद्र से फरार हो गया। कक्ष संख्या पांच में ईशाक के स्थान पर गुलफाम निवासी चमरिया लालढांग मिला । कक्ष संख्या छह में रवि कुमार की जगह कृष्ण पाल निवासी रावली महदूद बैठा मिला। कक्ष संख्या आठ में विशाल की जगह कैफ निवासी सुल्तानपुर परीक्षा देता मिला। कक्ष संख्या ग्यारह में साहिबा की जगह सलमा निवासी नसीरपुर कलां बैठी मिली। इसी कक्ष में प्रियंका की जगह सुहानी निवासी रावली महदूद मिली। प्रीती के स्थान पर प्राची सरकारिया निवासी ज्वालापुर परीक्षा देती पाई गई। रविता की जगह भावना पुत्री मामचंद निवासी रावली महदूद बैठी मिली। रानीपुर कोतवाली प्रभारी आशुतोष राणा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *