मनसा देवी हादसा : एसडीआरएफ ओर पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल, मुख्यमंत्री ने घटना पर दुःख जताया

हरिद्वार। मां मनसा देवी मंदिर मार्ग पर आज दर्दनाक हादसा घटित हो गया। रास्ते के ऊपर हाइटेंशन लाइन गिर गई जिससे करंट की अफवाह से भगदड़ मच गई। भगदड़ में दर्जनों लोग घायल हो गए जबकि 10 से ज्यादा लोगों के हताहत होने की खबर है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और मंदिर प्रशासन की टीम ने तत्परता दिखाते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू किया। एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल, एसपी सिटी पंकज गैरोला और नगर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भिजवाया। गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे को हरिद्वार भेजा गया है।

सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर मार्ग में भगदड़ मचने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है।

एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस तथा अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं। इस संबंध में निरंतर स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हूं और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। माता रानी से सभी श्रद्धालुओं के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूँ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *