हरिद्वार। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स स्टेडियम देहरादून में आयोजित 12 वीं प्रदेश स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में जनपद हरिद्वार के बहादराबाद विकासखंड के खिलाड़ियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। दो गोल्ड एवं एक सिल्वर मैडल के साथ हरिद्वार का नाम रोशन किया।
विदित हो कि देहरादून के रायपुर स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स स्टेडियम में इन दिनों प्रदेश स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। आज आयोजित प्रतिस्पर्धा में तेज रफ्तार से अपने प्रतिद्वंदियों को पछाड़ते हुए 200 मीटर दौड़ में राजकीय प्राथमिक विद्यालय दादूपुर गोविंदपुर की छात्रा सोनी ने अपना शानदार प्रदर्शन बरकरार रखा तथा प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मैडल जीता। राष्ट्रीय कन्या जूनियर हाई स्कूल बोंगला की छात्रा तनु ने ऊंची कूद में गोल्ड मेडल झटका। वहीं राजकीय प्राथमिक विद्यालय नवोदय नगर बहादराबाद के छात्र दीशु ने 100मी. में सिल्वर मैडल प्राप्त किया। खंड शिक्षा अधिकारी बहादराबाद बृजपाल सिंह राठौर ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर शुभकामनाएं दी हैं।

