हरिद्वार। द विनिंग एज संस्था हरिद्वार के तत्वावधान में एक निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन प्रतिभा स्किल बिल्डिंग सेंटर फेरूपुर में रविवार को किया जाएगा। इस अवसर पर विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों को निःशुल्क परामर्श देंगे।

शिविर संयोजक आचार्य अमित आर्य ने बताया कि द विनिंग एज संस्था हरिद्वार की ओर से अपने 12वें स्थापना दिवस पर सामाजिक उत्तरदायित्वों का निर्वहन करते हुए एक शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में रोगियों की सुविधा हेतु जनरल फिजिशयन, सर्जन एवं हड्डी रोग विशेषज्ञ जांच करेंगे। उन्होंने कहा कि इस शिविर में गांव फेरूपुर व उसके आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों ,जैसे धनपुरा कटारपुर इत्यादि के लोग लाभान्वित हो सकेंगे। शिविर रविवार को 10 बजे से 1 बजे तक संचालित होगा। इस शिविर में मातृछाया मेडिकल सेंटर से डॉ. अंजुल श्रीमाली, आर्यावर्त मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल से डॉ. अखिलेश सिंह व निलेश गिरी एवं स्माइल क्राफ्ट डेंटल क्लीनिक से डॉ. नैन्सी मनचंदा अपनी टीम के साथ रोगियों की जांच करेंगे। संस्था की चेयरपर्सन श्रीमती विभूति राज्यलक्ष्मी जनदेव ने कहा कि संस्था अपना 12वां स्थापना दिवस मना रही है। संस्था ने शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। इसी के तहत संस्था द्वारा संचालित स्किल बिल्डिंग सेंटर पर यह निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया जा रहा है।