गैरसैंण में पुरानी पेंशन को लेकर मुखर हुए हरिद्वार के कर्मचारी, कहा nps एवं ups स्वीकार नहीं

शिक्षा का अधिकार डेस्क। गैरसैंण में गुरुवार को पुरानी पेंशन योजना की बहाली को लेकर प्रदेशभर से पहुंचे कर्मचारियों ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने सरकार पर कर्मचारियों की उपेक्षा का आरोप लगाकर जोरदार नारेबाजी की। कर्मचारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर कर्मचारियों ने छह सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम अंकित राज के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेजा।

गुरुवार को पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आंदोलन के आह्वान पर जीआईसी गैरसैंण के मैदान से कार्मिकों ने एक विशाल रैली निकाली। इसके बाद कर्मचारियों ने सभा आयोजित की। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी आवाज बुलंद करते हुए सभी संगठनों से एकजुट होने की अपील की।

इस अवसर पर पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आंदोलन के प्रदेश अध्यक्ष जीत मणि पैन्यूली ने एनपीएस और यूपीएस योजनाओं की खामियां बताते हुए कहा कि कर्मचारी वर्षों तक सेवा देने के बावजूद पुरानी पेंशन योजना से बाहर कर दिए गए हैं, जबकि विधायक और सांसदों को कई पेंशन मिलने का अधिकार दिया गया है, जो कर्मचारियों के साथ बड़ा अन्याय है।

उन्होंने कहा कि यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक पुरानी पेंशन योजना को पुनः लागू नहीं किया जाता। इस मौके पर जनपद हरिद्वार के साथियों ने भी बड़े उत्साह से प्रतिभाग किया। गढ़वाल संयोजक विकास शर्मा ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली तक संघर्ष जारी रहेगा। जिलाध्यक्ष सुखदेव सिंह ने कहा कि यूपीएस एक भ्रम है हम nps का पहले ही विरोध कर रहे हैं। ऐसे में ये व्यवस्था कतई स्वीकार नहीं। गैरसैण में राजकीय शिक्षक संघ से रविंदर रोड, तारा सिंह, कुलदीप, सरदार कुलदीप सिंह सहित अन्य साथी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *