हरिद्वार। हरिद्वार मेडिकल कॉलेज में ओपीडी सेवाएं शुरू होने की अच्छी खबर के बीच एक ओर राहत भरी खबर है। अनुभवी प्रोफेसर डॉ. चंद्र मोहन सिंह रावत ने प्राचार्य पद पर कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उनके कार्यभार ग्रहण करने से चिकित्सा जगत में खुशी का माहौल है।

हरिद्वार मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा सेवाएं शीघ्र उपलब्ध हों एवं बेहतर प्रबंधन से यह संचालित हो इसका लंबे समय से इंतजार किया जा रहा है। इसी बीच अनुभवी एवं विद्वान प्रोफेसर डॉ. चंद्र मोहन सिंह रावत ने राजकीय मेडिकल कॉलेज प्राचार्य पद का कार्यभार संभाल लिया है। इससे पहले डॉ. रावत पिछले 12 वर्षों से अधिक समय से वीर चंद्र सिंह गढ़वाली राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर, पौड़ी गढ़वाल और सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के प्राचार्य रहे।

उनके दूरदर्शी नेतृत्व में दोनों संस्थानों ने तीव्र गति से प्रगति की। कल हरिद्वार पहुंचने पर उनका इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष डॉ. दिनेश सिंह एवं अन्य चिकित्सकों ने स्वागत किया। डॉ. दिनेश ने डॉ. चंद्र मोहन सिंह रावत जी को यहां भेजने के लिए मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री आभार जताया तथा कहा कि उनके नेतृत्व में हरिद्वार मेडिकल कॉलेज के शेष बचे कार्यों में निश्चित रूप से प्रगति होगी। इस अवसर पर डॉ. मुकेश मिश्रा, डॉ. राम शर्मा, डॉ. अंजुल श्रीमाली सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।