हरिद्वार। नवागत जिला शिक्षा अधिकारी ने बच्चों से संवाद को प्राथमिकता देते हुए फील्ड वर्क शुरू कर दिया है। विद्यालय में शैक्षिक माहौल और सुदृढ़ हो तथा बच्चे बेहतर अधिगम कर सकें इसलिए शिक्षकों को भी मोटिवेट किया जा रहा है।

विदित हो कि जनपद में नए आए जिला शिक्षा अधिकारी प्राथमिक शिक्षा अमित कुमार अब हर सप्ताह एक ब्लॉक कार्यालय तथा विद्यालयों का निरीक्षण करेंगें। इसके तहत उन्होंने रुड़की कार्यालय का निरीक्षण किया तथा वहां की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। श्री कुमार ने कहा कि शिक्षकों के देयकों का भुगतान न रोका जाए। ब्लॉक से निस्तारित होने वाले प्रकरण ब्लॉक से त्वरित निपटाए जाएं तथा जो प्रकरण जिले से संबंधित हों उन्हें जिले पर भेजा जाए। उन्होंने कहा कि बिलों के अलावा शिक्षकों के अन्य प्रकरण भी पटल पर न रुकें। डीईओ ने राजकीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय दौलतपुर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मध्याह्न भोजन एवं विद्यालय की व्यवस्थाओं को देखा एवं संतोष व्यक्त किया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों से संवाद किया तथा सवाल जवाब किए। उन्होंने बच्चों को लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर पर चलने वाली छात्रवृत्ति योजनाओं के बारे में भी उन्होंने अवगत कराया। डीईओ बोले कि अब हर सप्ताह ब्लॉक के एक कार्यालय का विजिट किया जाएगा तथा जहां सुधार की आवश्यकता है व्यवस्थाओं को सुधारा जाएगा।