उत्तराखण्ड / मसूरी। उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों में टीम इंडिया के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव की शाही शादी का जश्न शुरू हो गया है। कुलदीप यादव और वंशिका सिंह 14 मार्च को मसूरी में सात फेरे लेंगे। शादी समारोह 12 मार्च से ही शुरू हो चुके हैं और इसमें क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियों के पहुंचने का सिलसिला जारी है।

देहरादून के जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पर मेहमानों के पहुंचने का दौर चल रहा है। भारतीय टीम के खिलाड़ी रिंकू सिंह, युजवेंद्र चहल और टीम इंडिया के कोच टी. दिलीप समारोह में शामिल होने के लिए पहुंच चुके हैं। वहीं तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के भी शादी समारोह में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे मसूरी के एक मशहूर होटल में हल्दी की रस्म धूमधाम से आयोजित की गई, जिसमें परिवार के सदस्यों और करीबी मेहमानों ने हिस्सा लिया। इस दौरान कुलदीप और वंशिका की सगाई की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
शादी के लिए तैयार किया गया खास डिजिटल इन्विटेशन कार्ड भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। रॉयल और मॉडर्न थीम पर तैयार इस कार्ड की शुरुआत भगवान गणेश की वंदना से होती है और इसमें शादी से जुड़ी सभी रस्मों की जानकारी दी गई है।
आज शाम मसूरी में ग्रैंड संगीत और कॉकटेल पार्टी का आयोजन किया जाएगा। वहीं शादी के बाद 17 मार्च को लखनऊ के मशहूर होटल में भव्य रिसेप्शन रखा गया है, जिसमें क्रिकेट, राजनीति और व्यापार जगत की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।