विद्यालय समय में बच्चे ढो रहे थे बजरी, वीडियो वायरल होने पर प्रधानाध्यापिका निलंबित

देहरादून। राजकीय प्राथमिक विद्यालय बांध विस्थापित बंजारावाला, देहरादून में बच्चों से विद्यालय समय में बजरी / मिट्टी उठवाने सम्बन्धी कार्य कराये जाने के मामले में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका को निलंबित करते हुए अन्य शिक्षकों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।

मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून विनोद कुमार ढौंडियाल ने जारी आदेश में कहा कि दिनांक 06.10.2025 को सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचारित विडियो जिसमें राजकीय प्राथमिक विद्यालय बांध विस्थापित बंजारावाला, देहरादून में कार्यरत शिक्षकों द्वारा विद्यालय में अध्ययनरत छात्रों से बजरी / मिट्टी उठवाने सम्बन्धी कार्य करते हुए दिखायी दे रहे हैं। राजकीय प्राथमिक विद्यालय बांध विस्थापित बंजारावाला, देहरादून में अध्ययनरत छोटे बच्चों से विद्यालय प्रागंण में रखे गये रेत को तसले की सहायता से उठवाया जा रहा है। वीडियो में स्पष्ट देखा जा रहा है कि बच्चे स्कूल गणवेश में रेत उठाने का कार्य कर रहे है। बच्चों के पास बेल्चा, फावड़ा तथा तसला दिया गया है। जिसकी सहायता से बच्चे रेत को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जा रहे हैं। विडियो में 10 से अधिक बच्चे कार्य करते हुए दिखाई दे रहे हैं। विद्यालय में कार्यरत 06 शिक्षकों में से कोई भी शिक्षिका बच्चों को इस कार्य को करने से रोकते नहीं दिखाई दे रहा है। वीडियो में बहुत से बच्चों की आवाज सुनाई दे रही है तथा और बच्चे प्रांगण में खेल रहे है तथा बच्चों का तेज शोर हो रहा है। बच्चों द्वारा विद्यालय समय में किये जा रहे कार्य से स्पष्ट है कि विद्यालय में कार्यरत शिक्षिकाओं द्वारा बच्चों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है, किसी भी शिक्षिका द्वारा बच्चों द्वारा किये जा रहे कार्य को रोकने का प्रयास नहीं किया गया है। मुख्य शिक्षाधिकारी ने लिख की विद्यालय प्रांगण में बच्चों द्वारा पठन-पाठन के समय किया जा रहा बाल श्रम, शिक्षा का अधिकार अधिनियम का उल्लंघन है। उप शिक्षा अधिकारी रायपुर द्वारा अपने पत्र-1364-67 दिनांक 06.10.2025 द्वारा भी विद्यालय में छात्रों से बाल श्रम कराये जाने की पुष्टि की गयी।

उप शिक्षा अधिकारी, रायपुर द्वारा प्रेषित पत्र तथा वीडियो में छात्रों से बाल श्रम कराये जाने की पुष्टि होने के फलस्वरूप जिला शिक्षा अधिकारी, प्रा.शि., देहरादून को विद्यालय की प्रधानाध्यापिका को निलम्बित करते हुए विद्यालय में कार्यरत अन्य शिक्षकों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये। जिला शिक्षा अधिकारी, प्रा.शि., देहरादून द्वारा प्रधानाध्यापिका, रा.प्रा. वि. बांध विस्थापित बंजारावाला, देहरादून को सेवाओं से निलम्बित किया गया है तथा विद्यालय में कार्यरत अन्य शिक्षिकाओं को कारण बताओ नोटिस करने के निर्देश दिये गये है, कारण बताओं नोटिस का जवाब देने के उपरांत अन्य शिक्षिकाओं के विरूद्ध कर्मचारी आचरण नियमावली में उल्लेखित प्राविधानों के अन्तर्गत कार्यवाही की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *