एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय चित्रकूट में समारोह पूर्वक मनाई गई बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती

शिक्षा का अधिकार डेस्क। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, चित्रकूट (सतना) में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में जिले का भव्य एवं गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुई। समारोह में माननीय श्रीमती प्रतिमा बागरी (राज्य मंत्री, नगरीय प्रशासन), सतीश के.एस. (कलेक्टर, सतना), हंसराज (SP, सतना), जिला संयोजक अरुण शुक्ल, तथा प्राचार्य अशोक कुमार दुबे सहित अनेक अधिकारी, अभिभावक एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत आदिवासी कला एवं संस्कृति पर आधारित शानदार प्रस्तुतियों ने सभी को प्रभावित किया। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में भगवान बिरसा मुंडा के अद्वितीय संघर्ष, नेतृत्व और जनसेवा के संदेशों को स्मरण करते हुए सभी को उनके जीवन से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर विद्यालय के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम के उपरांत सभी उपस्थितजन ने जबलपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह तथा गुजरात के नर्मदा जिले में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा। परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जनकल्याणकारी स्टॉल का अवलोकन भी अतिथियों ने किया। अंत में जिला संयोजक अरुण शुक्ल द्वारा सभी सम्मानित अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *