स्कूल में भालू का हमला, अदम्य साहस दिखाते हुए छात्रा ने 14 बच्चों को बचाया

गोपेश्वर में पोखरी ब्लॉक के जूनियर हाईस्कूल, हरिशंकर में सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे छात्र-छात्राएं परिसर में एकत्र हो रहे थे। इस दौरान भालू का एक बच्चा स्कूल परिसर में आ गया। उसने बच्चों पर हमला कर दिया और कक्षा छह के 11 वर्षीय छात्र आरव पुनीर को उठा कर झाड़ियों की ओर भागा। घटना से सहमे बच्चों के बीच कक्षा आठ की 13 वर्षीय छात्रा दिव्या चौधरी ने अदम्य साहस का परिचय दिया।₹ दिव्या शोर मचाते हुए भालू के पीछे दौड़ी। इस दौरान आरव भालू की पकड़ से छूटकर झाड़ियों में गिर गया जबकि भालू जंगल में भाग गया। दिव्या को इसका पता नहीं चला और वह भालू का पीछा करते हुए जंगल की ओर चली गई। उधर, अपने बच्चे को ढूंढती हुई भालू की मां स्कूल में पहुंच गई। मादा भालू को देख कक्षा आठ की 13 वर्षीय छात्रा दीपिका चौधरी ने परिसर में मौजूद 14 बच्चों को तेजी से एक कक्षा में धकेला और दरवाजा बंद कर लिया। मादा भालू ने दरवाजे पर पंजे मारने शुरू कर दिए। दरवाजे में कुंडी नहीं थी तो दीपिका ने अन्य बच्चों के साथ मिलकर उसे बंद रखने को पूरी ताकत झोंक दी।

इस बीच, स्कूल के शिक्षक मनवर सिंह और उपेन्द्र सती पहुंच गए। बच्चों की चीख-पुकार और शिक्षकों के पहुंचने पर भालू भाग गया। उन्होंने बच्चों की मदद से आरव को झाड़ियों से बाहर निकाला। आरव और दिव्या के हाथ और सिर पर हल्की चोटें आईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *