उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सोमवार देर रात बादल फटने और भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। सहस्रधारा में देर रात बादल फटने की घटना हुई। इससे कई होटल और दुकानें बह गईं। कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। जबकि झाझरा के पास परवल गांव में आठ मजदूर आसन नदी के तेज बहाव में लापता हो गए, एक ट्रैक्टर और स्कूटी भी बह गए। नंदा की चौकी का पुल भी बहाव की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया। भारी बारिश से उत्पन्न विकट हालातों को देखते हुए देहरादून डीएम ने जिले के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी की घोषणा की है। आज 12वीं तक स्कूल बंद हैं। साथ ही एसडीआरएफ और राहत टीमों को अलर्ट पर रखा गया है।
देर रात करीब 11:30 बजे हुए इस हादसे में सहस्त्रधारा का कार्लिगाड़ क्षेत्र बुरी तरह प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार तेज बहाव के साथ आई मिट्टी और मलबे ने सात से आठ दुकानों को पूरी तरह बहा दिया, जबकि आसपास के कई होटल भी क्षतिग्रस्त हुए। इस हादसे में दो लोग लापता बताए जा रहे हैं। हालांकि अभी तक बड़े पैमाने पर जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है।