शिक्षा का अधिकार। हमीरपुर जिले का एक उच्च प्राथमिक स्कूल सुर्खियों में आ गया है। इस सरकारी स्कूल के प्रधानाध्यापक अपने साथ ड्राइवर रखते हैं जो स्कूल में पढ़ाता भी है।
शुक्रवार को प्राथमिक जांच में इसका भंडाफोड़ हुआ तो बीएसए ने सस्पेंड कर दिया है। विस्तृत जांच भी कराई जा रही है। यह मामला मौदहा के कपसा उच्च प्राथमिक विद्यालय का है। शुक्रवार को कुछ मीडियाकर्मी इस विद्यालय में पहुंचे तो वीरू सिंह का ड्राइवर रामसहाय बच्चों को पढ़ाता मिला। मीडियाकर्मियों ने पूछा तो उसने बताया कि शिक्षिका माधुरी छुट्टी पर हैं। प्रधानाध्यापक कहीं बाहर गए हैं। यहां इन्हीं दो की तैनाती है। प्रधानाध्यापक वीरू सिंह भी बगैर सूचना के गायब थे। ड्राइवर रामसहाय ने बताया कि वह दो साल से प्रधानाध्यापक की गाड़ी चलाने के साथ ही यहां पढ़ा भी रहा है। बीएसए आलोक सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आने पर खंड शिक्षा अधिकारी मौदहा से इसकी जांच कराई। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए गए। प्रधानाध्यापक वीरू सिंह की जगह उनका ड्राइवर रामसहाय ही बच्चों को पढ़ा रहा था। वीरू सिंह को निलंबित कर टिकरी बुजुर्ग गांव के विद्यालय से संबद्ध किया गया है। मामले की विस्तृत जांच खंड शिक्षा अधिकारी सुमेरपुर को सौंपी गई है।