हरिद्वार में खतरे के निशान के पास बह रही गंगा, डीएम ले रहे पल-पल की खबर, अनावश्यक बाहर न निकलने की अपील

हरिद्वार। गत 24 घंटे से हो रही बरसात के बाद शहर में जगह जगह पानी भर गया। वहीं सरकारी जानकारी के अनुसार गंगा खतरे के निशान के पास बह रही है।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित विभिन्न माध्यमों से रात भर नदियों के जल स्तर, वर्षा, जल भराव आदि से संबंधित पल–पल की जानकारियां लेते रहे। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी क्षेत्रीय अधिकारियों/कर्मचारियों को फील्ड में बने रहने के निर्देश दिए साथ ही स्थापित बाढ़ चौकियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिये।नागरिकों से नदी तटीय इलाकों से दूर रहने व निर्धारित स्थानों पर ही स्नान करने की अपील की।

जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र के साथ ही बाढ़ नियंत्रण चौकियां 24×7 सक्रिय हैं, वहीं सभी तहसीलदारों, खंड विकास अधिकारियों और नगर निकायों को सतत निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने जलभराव संभावित क्षेत्रों और संवेदनशील घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा जल निकासी हेतु समुचित व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन में फील्ड के अधिकारियों तथा कर्मचारियों द्वारा अपने अपने क्षेत्र में निरीक्षण एवम् निगरानी करते हुए जिलाधिकारी को फोटो व वीडियो के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों की स्थिति की पल पल की जानकारी देते रहे और किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते रहे।

जिलाधिकारी ने जनमानस से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें, बिजली के खंभों व पेड़ों से दूरी बनाए रखें और मौसम विभाग या जिला प्रशासन द्वारा जारी किए जा रहे दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *