जर्जर स्कूल : 1100 संवेदनशील स्कूलों में से 146 प्राइमरी स्कूल किए गए शिफ्ट, माध्यमिक के खंडहर भवन भी टूटेंगे

देहरादून। उत्तराखंड में खतरे वाले भवनों से स्कूलों को शिफ्ट करने की प्रक्रिया शिक्षा विभाग ने शुरू कर दी है। ऐसे 146 प्राइमरी स्कूलों को शिफ्ट कर दिया है। लगातार हो रही बरसात के बीच जो स्कूल खतरे की जद में आ रहे हैं, उनकी शिफ्टिंग के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारियों की जवाबदेही तय की गई है। वहीं, माध्यमिक स्कूलों में बंद पड़े पुराने भवनों को तोड़ने के आदेश भी जारी किए गए हैं।

पिछले दिनों राजस्थान की घटना के बाद केंद्र के निर्देशों के बाद उत्तराखंड में भी स्कूल भवनों का सेफ्टी ऑडिट हो रहा है। इस बीच उत्तराखंड में गत दिवस कई स्कूलों में जलभराव एवं कुछ में बाउंड्री वाल गिरने की खबरें भी आ रही हैं। अपर निदेशक बेसिक शिक्षा पदमेंद्र सकलानी के मुताबिक 146 स्कूल शिफ्ट कर चुके हैं। इधर, माध्यमिक विद्यालयों में ऐसे सभी पुराने स्कूल भवनों के ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

हिंदुस्तान अखबार के अनुसार माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ.मुकुल कुमार सती ने बताया कि माध्यमिक स्कूलों में यह बात सामने आ रही थी कि स्कूल की नई बिल्डिंग में चल रहा है, लेकिन परिसर में ही पुराना भवन जर्जर स्थिति में हैं और इनसे खतरे की स्थिति हो सकती है। ऐसे सभी पुराने स्कूल भवनों को तोड़ने के लिए सभी स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं। मालूम हो कि राज्य के 1100 स्कूल भवनों को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है, इनमें बड़े पैमाने पर जर्जर हो चुके पुराने भवन भी शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *