प्रधानमंत्री ने देहरादून में किया 38वें राष्ट्रीय खेलों का शुभारम्भ

देहरादून। मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 38वें राष्ट्रीय खेलों का शुभारंभ किया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि खेल अब महज गतिविधि नहीं हैं, बल्कि ये करिअर का माध्यम भी बन चुके हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश, तेजी से विश्व की तीसरी शक्ति बनने की ओर अग्रसर है। इस क्रम में स्पोर्ट्स इकोनॉमी का योगदान भी बढ़ाया जाएगा।

दून के रायपुर में स्थित राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में मंगलवार को 38वें राष्ट्रीय खेलों का रंगारंग और भव्य आगाज हुआ। रोशनी से सराबोर स्टेडियम में सुरों की लहरों पर सवार दर्शक उत्साह से झूम रहे थे। राष्ट्रीय खेलों के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री के पहुंचते ही पूरा स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इसी बीच बैडमिंटन स्टार लक्ष्य सेन ने राष्ट्रीय खेलों की मशाल प्रधानमंत्री को सौंपी।

इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने खेलों के विकास के लिए किए गए प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि बीते दस साल में स्पोर्ट्स का बजट तीन गुना तक बढ़ाया गया है। देशभर में नियमित रूप से विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। खेलो इंडिया की वजह से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिल रहा है। पैराएथलीट भी उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि जब कोई राष्ट्र स्पोर्ट्स में आगे बढ़ता है तो उस देश की साख पूरी दुनिया में बढ़ती है। उसका प्रोफाइल भी बढ़ता है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2036 में प्रस्तावित ओलंपिक खेलों की मेजबानी प्राप्त करने की पुरजोर कोशिश की जा रही है। भारत में ओलंपिक खेलों का आयोजन स्पोर्ट्स को नए आयाम पर ले जाएगा। उन्होंने कहा कि जहां ओलंपिक होता है,वहां रोजगार के मौके बढ़ते हैं। इंफ्रास्ट्रक्चर बढ़ता है। ट्रांसपोर्ट-पर्यटन सेक्टर में नई संभावनाएं खुलती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *