लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में सोमवार को स्कूल परिसर में हुई गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई। एक युवक ने स्कूल के भीतर पहुंचकर महिला शिक्षिका को गोली मार दी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बच्चे व शिक्षक सहम गए।
घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के शाहपुरा कोठी स्थित चिल्ड्रन्स एकेडमी स्कूल की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार करीब 30 वर्षीय मोहम्मद सऊद सोमवार को स्कूल पहुंचा था। बताया गया कि वह शिक्षिका निशात फातिमा से मिलने आया था। दोनों बातचीत करते हुए स्कूल की दूसरी मंजिल पर पहुंचे।
पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दूसरी मंजिल के कॉरिडोर में बातचीत के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान युवक ने कथित तौर पर अपने पास मौजूद तमंचे से शिक्षिका पर गोली चला दी। गोली लगने से शिक्षिका गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं। इसके बाद युवक ने उसी हथियार से खुद को भी गोली मार ली।
गोलियों की आवाज से मची अफरा-तफरी
स्कूल परिसर में गोली चलने की आवाज सुनकर शिक्षक और विद्यार्थी घबरा गए। लोग मौके पर पहुंचे तो वहां दोनों घायल अवस्था में पड़े मिले। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी गई है।

एसपी डॉ. ख्याति गर्ग के अनुसार, घटना सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे हुई। निशात फातिमा लगभग एक वर्ष से स्कूल में शिक्षिका के रूप में कार्यरत थीं। युवक उनसे मिलने स्कूल आया था। पुलिस अब घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।
सीसीटीवी फुटेज और परिजनों से जानकारी जुटा रही पुलिस
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस दोनों मृतकों के परिजनों से जानकारी जुटाकर घटना के कारणों और युवक के स्कूल पहुंचने से लेकर वारदात तक की पूरी कड़ी की जांच कर रही है।
अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।