सैकड़ों मरीजों ने उठाया स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक सेवाओं का लाभ
रुड़की। स्वर्गीय श्रीमती नूतन भारद्वाज के जन्मदिवस के अवसर पर उनकी स्मृति को जनसेवा के माध्यम से समर्पित करते हुए उनकी पुत्री डॉ. वंदना भारद्वाज एवं दामाद डॉ. अर्पित त्रिपाठी द्वारा तुलसी हॉस्पिटल, गणेश चौक, गणेश नगर, रुड़की में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन मा. कैबिनेट मंत्री श्री प्रदीप बत्रा द्वारा किया गया।

शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इस दौरान सैकड़ों मरीजों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। शिविर में विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच के साथ मरीजों को बीमारी से बचाव, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, खान-पान और स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर मा. कैबिनेट मंत्री श्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में इस प्रकार के निःशुल्क शिविर समाज के जरूरतमंद लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होते हैं। उन्होंने स्वर्गीय श्रीमती नूतन भारद्वाज की स्मृति में आयोजित इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि किसी प्रियजन की स्मृति को जनसेवा से जोड़ना समाज के लिए प्रेरणादायी संदेश है। उन्होंने आयोजन के लिए डॉ. वंदना भारद्वाज एवं डॉ. अर्पित त्रिपाठी को शुभकामनाएं दीं।

स्वर्गीय श्रीमती नूतन भारद्वाज के पति, शिक्षाविद् एवं एडवोकेट डॉ. आनंद भारद्वाज ने कहा कि नूतन भारद्वाज सदैव सेवा, संवेदना और जरूरतमंदों की सहायता के भाव से जुड़ी रहीं। उनके जन्मदिवस को केवल स्मरण करने के बजाय समाज के लोगों के स्वास्थ्य की सेवा के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि “किसी व्यक्ति की सच्ची स्मृति तभी सार्थक होती है, जब उसके नाम और विचारों को समाजसेवा से जोड़ा जाए। नूतन जी की स्मृति में आयोजित यह स्वास्थ्य शिविर उसी भावना का प्रयास है। हमारा उद्देश्य है कि जरूरतमंद लोगों को समय पर स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध हो तथा वे स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूक बनें।”
उन्होंने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में लोग अक्सर अपने स्वास्थ्य की नियमित जांच नहीं करा पाते। ऐसे में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आमजन के लिए काफी उपयोगी होते हैं। उन्होंने शिविर में सहयोग करने वाले चिकित्सकों, चिकित्सा कर्मियों और सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
डॉ. वंदना भारद्वाज ने कहा कि उनकी माता स्वर्गीय नूतन भारद्वाज की स्मृति उनके परिवार के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगी। उन्होंने कहा कि “मां के जन्मदिवस पर लोगों की सेवा करने से बेहतर श्रद्धांजलि और क्या हो सकती है। हमारा प्रयास रहेगा कि भविष्य में भी उनकी स्मृति में इसी प्रकार के जनसेवा के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहें।”
डॉ. अर्पित त्रिपाठी ने कहा कि तुलसी हॉस्पिटल के माध्यम से समाज के जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रयास लगातार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य केवल बीमारी की जांच करना नहीं, बल्कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी है।
शिविर के दौरान मरीजों की स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही। मरीजों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के लिए काफी लाभदायक हैं।
आयोजकों ने बताया कि स्वर्गीय श्रीमती नूतन भारद्वाज की स्मृति में आयोजित यह शिविर उनके सेवा भाव को आगे बढ़ाने की दिशा में एक प्रयास है। कार्यक्रम के अंत में आयोजन में सहयोग करने वाले सभी चिकित्सकों, चिकित्सा कर्मियों, अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया गया।