द विनिंग सोसाइटी ने आयोजित की चौथी साईकिल रैली, ईको फेस्ट में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित, बच्चों की प्रस्तुतियों ने मन मोहा

हरिद्वार में रविवार सुबह आर्यनगर चौक स्थित शुभारंभ प्वाइंट से ‘द विनिंग एज सोसाइटी’ द्वारा आयोजित चौथा TWES साइक्लोथन एवं इको-फेस्ट का उत्साहपूर्ण आगाज़ हुआ। पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे आयोजन में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारम्भ राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंबर 07 के छात्रों एवं स्वयंसेवियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर प्रियंवदा भारद्वाज, रिंकी, शालिनी, विधि, नीतू, देवांश, वैष्णवी और स्मारिका अग्रवाल ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया और कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग प्रदान किया।

साइक्लोथन का शुभारंभ इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के चिकित्सकों, संस्था के पदाधिकारियों एवं कॉरपोरेट क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान आईएमए, द विनिंग एज सोसाइटी तथा अन्य स्वयंसेवी संगठनों के स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

सुबह 7:30 बजे शुरू हुई साइक्लिंग रैली में प्रतिभागियों ने स्वच्छ पर्यावरण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी से आयोजन में विशेष उत्साह देखने को मिला।

संस्था की अध्यक्ष श्रीमती विभूति राज्यलक्ष्मी जनदेव ने कहा कि हरिद्वार का एक्यूआई (वायु गुणवत्ता सूचकांक) लगातार बढ़ना चिंता का विषय है और ऐसे आयोजन लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि संस्था का 28 वर्षों का सफर बेहद खास रहा है, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में लगातार कार्य किए गए हैं।
वहीं चिकित्सक डॉ. प्रेम लूथरा ने कहा कि बदलती जीवनशैली में स्वयं को स्वस्थ रखना चुनौती बनता जा रहा है और इस प्रकार के आयोजन समय की आवश्यकता हैं।

साइक्लोथन के उपरांत आयोजित इको-फेस्ट (पर्यावरण मेला) में खाद्य स्टॉल, संगीत, मनोरंजन और विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जहां परिवार सहित पहुंचे लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। संस्था की मदद से स्थापित स्वयंसेवी समूहों द्वारा लगाए गए फूड, आयुर्वेद, कपड़े और वास्तु से संबंधित स्टॉल आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बने।

कार्यक्रम में प्रशांत जनदेव, आराधना दुबे, साक्षी चौहान, श्रीमती मंजू मेहता, पंकज सपरा, किटी सपरा, अमित कुमार सैनी, रीना सैनी, डॉ. जसप्रीत, डॉ. आदित्य मनी, डॉ. चिराग बडेरा, पूजा वालिया सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कार्यक्रम के सहयोगी एवं प्रायोजकों को शील्ड एवं ‘धन्यवाद’ प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रमुख सहयोगियों में प्राइमा फैशन के संदीप चौधरी, विप्रो प्लांट प्रमुख शरद सक्सेना, श्री बालाजी, हीरो ग्रुप से पंकज भट्ट, प्रफुल्ल जी, देवभूमि हॉस्पिटल से सुशील शर्मा, डॉ. सत्यपाल तोमर तथा मैकिनो ऑटोमोटिव के प्लांट हेड पंकज चौहान शामिल रहे।

कार्यक्रम के अंत में संस्था के स्वयंसेवियों, प्रतिभागियों और प्रस्तुति देने वाले कलाकारों को स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने इस पहल को समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक सार्थक कदम बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में लक्की ड्रा आयोजित किया गया जिसमें प्रथम पुरस्कार के रूप में साईकिल प्रदान की गई। साथ ही अन्य विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *