पिरान कलियर की होनहार फैरुज फातिमा ने सिविल सेवा परीक्षा में 708वीं रैंक हासिल की, जुलूस निकालकर मनाया लोगों ने जश्न

हरिद्वार। जनपद हरिद्वार के पिरान कलियर कस्बे की बेटी फैरुज फातिमा ने सिविल सेवा परीक्षा में 708वीं रैंक हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से नगर और परिवार में खुशी की लहर है। उनकी इस उपलब्धि पर स्थानीय लोगों ने जुलूस निकालकर जश्न मनाया।

 

फैरुज फातिमा पिरान कलियर निवासी ट्रक चालक इकबाल त्यागी की बेटी हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा से लेकर इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई यूपी बोर्ड से पूरी की। इसके बाद सिविल सेवा की तैयारी के लिए दिल्ली चली गईं। शुरुआती प्रयास में सफलता नहीं मिली लेकिन उन्होंने हार नही मानी और लगातार मेहनत करती रहीं। वर्ष 2024 में आरबीआई में सहायक प्रबंधक पद पर उनका चयन हो गया। वर्तमान में वह आरबीआई में सहायक महाप्रबंधक पद पर कार्यरत हैं। नौकरी के साथ-साथ उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी जारी रखी और आखिरकार शुक्रवार को घोषित परिणाम में 708वीं रैंक हासिल कर ली। नगर पंचायत पिरान कलियर की चेयरमैन समीना, सभासद नाजिम त्यागी, राशिद अली, अमजद मलिक, जावेद साबरी, डॉ. शहजाद, गुलफाम साबरी, दानिश साबरी ने उन्हें बधाई दी।

बेटियों के लिए बनी प्रेरणा:

स्थानीय लोगों का कहना है कि फैरूज फातिमा की सफलता उन सभी बेटियों के लिए एक प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस रखती हैं। वहीं, पिरान कलियर की इस होनहार बेटी को सभी को गर्व महसूस हो रहा है।

पढ़ाई में अव्वल रही है फातिमा:

बता दें कि फैरूज फातिमा शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं. उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा क्षेत्र के ही स्कूल से पूरी की और इसके बाद उच्च शिक्षा प्राप्त करते हुए सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की, जिसके बाद कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है।

“मेरा सपना बचपन से ही प्रशासनिक सेवा में जाकर समाज और देश की सेवा करना था. आखिरकार मुझे सफलता मिल ही गई. मेरी इस उपलब्धि पर माता-पिता और परिवार के सदस्य बेहद खुश हैं.”- फैरूज फातिमा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *