शिक्षा का अधिकार डेस्क। राज्य के 840 माध्यमिक स्कूलों में नए शैक्षिक सत्र में जुलाई से स्मार्ट क्लास व वर्चुअल क्लासरूम के जरिए भी पढ़ाई होगी। ये स्कूल समग्र शिक्षा अभियान के तहत हाईटेक किए जा रहे हैं। इससे पूर्व 450 से ज्यादा स्कूल स्मार्ट क्लास-वर्चुअल क्लास के जरिए दून में राजीव नवोदय विद्यालय परिसर स्थित सेंट्रल स्टूडियो से जुड़े हुए हैं।

एपीडी-समग्र शिक्षा कुलदीप गैरोला के अनुसार दूरस्थ क्षेत्रों के स्कूलों के छात्रों को बेहतर शिक्षा मुहैया कराने को स्मार्ट और वर्चुअल क्लास की संख्या बढ़ाई जा रही है। पिछले साल समग्र शिक्षा के तहत 840 माध्यमिक स्कूलों को इससे जोड़ने का निर्णय हुआ था। इससे कंप्यूटर और इंटरनेट आदि की सहायता से छात्र-छात्राओं के लिए पढ़ाई को विस्तार देने के रास्ते खुलेंगे। वहीं सेंट्रल स्टूडियो से जुड़ने पर उन्हें विशेष कक्षाओं का भी लाभ मिलेगा।
गर्मियों के अवकाश के बाद जुलाई से शुरू होने जा रहे नए शैक्षिक सत्र से सभी स्कूलों में स्मार्ट और वर्चुअल क्लास को चालू करने का लक्ष्य रखा गया है। नई क्लास बनने के बाद राज्य में वर्चुअल क्लास की संख्या 1340 और स्मार्ट क्लास की संख्या तीन हजार से ज्यादा हो जाएगी। सूत्रों के अनुसार, तय प्रावधान के लिए स्मार्ट और वर्चुअल क्लास का काम 31 मार्च तक पूरा होना था। लेकिन भौगोलिक परिस्थितियों की वजह से इसमें कुछ विलंब हो गया।